हर दिन मिले काम, सिर्फ 100 दिन नहीं – नरैनी में मजदूर दिवस पर रैली व जागरूकता कार्यक्रम
बांदा, 1 मई 2025 – अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर महिला संगठन वनांगना द्वारा तरंग – मेरे सपने, मेरी उड़ान कार्यक्रम के अंतर्गत नरैनी ब्लॉक में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को मजदूरों के अधिकारों, विशेषकर मनरेगा से जुड़ी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वनांगना की महिला लीडर्स, युवा लड़कियाँ और लड़के शामिल हुए। सहयोग संस्था (लखनऊ) से आए अनुज ने मजदूरों को मनरेगा में आवेदन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अपने हक की लड़ाई संगठित होकर लड़नी होगी।
वरिष्ठ संदर्भ समूह की सदस्य शबीना मुमताज ने कहा, "काम करना हमारा अधिकार है, और इसके लिए हमें एकजुट रहना होगा।" मजदूरों ने बताया कि मनरेगा में मजदूरी समय पर नहीं मिलती और मजदूरी दर भी कम है, जिससे उन्हें बाहर काम करना पड़ता है।
कार्यकर्ता शोभा देवी ने मजदूर दिवस का इतिहास बताते हुए कहा, "1889 में मजदूरों को 15 घंटे काम करना पड़ता था। लंबे संघर्ष के बाद अब 8 घंटे का कार्य समय तय हुआ है। हमें उस संघर्ष को याद रखना चाहिए।"
ग्राम प्रधान विजय मिश्रा (पुकारी) और अब्दुल जब्बार (नसेनी) ने मजदूरों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ता फरजाना ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में 20 गांवों से मजदूर शामिल हुए। संगठन लीडर्स रामबाई, शबीना, अभिलाषा, रेखा, माया, रामदेवी तथा तरंग लीडर्स शाहीन, मिथला, अल्फिया, खुशबू, आतिफा, लक्ष्मी, आरती, रीना, महक, आशु, कमलेश, राजकुमारी की सक्रिय भागीदारी रही। माया और श्यामकली ने कार्यक्रम संचालन में सहयोग दिया।
Post a Comment